जगदलपुर (डेस्क) – नगर निगम की सामान्य सभा को लेकर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने महापौर संजय पांडे पर शहर के विकास की अनदेखी करने और सामान्य सभा का राजनीतिक दुरुपयोग करने का गंभीर आरोप लगाया है.
संभाग मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक प्रेसवार्ता में शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुशील मौर्य और नगर निगम नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने महापौर की कार्यशैली पर सवाल उठाए.
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि सामान्य सभा जनहित के मुद्दों और शहर की समस्याओं के निराकरण के लिए आयोजित की जाती है, लेकिन महापौर संजय पांडे ने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यशोगान और जीएसटी उत्सव मनाने का मंच बना दिया है. सुशील मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और मोदी जी जितना भी उत्सव मना लें, जनता जीएसटी के माध्यम से हुई 8 वर्षों की लूट को जान चुकी है. उन्होंने कांग्रेस पार्षदों के सर्वसम्मति से इस झूठी प्रशंसा वाली सभा का बहिष्कार करने के निर्णय पर गर्व व्यक्त किया.
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि सामान्य सभा शहर की यातायात व्यवस्था, मल्टी स्टोरी पार्किंग, दलपत सागर के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए होती है, लेकिन महापौर सिर्फ अपने राजनीतिक आकाओं को खुश करने के लिए इसका दुरुपयोग कर रहे हैं. राजेश चौधरी ने जीएसटी पर बोलते हुए कहा कि जिस जीएसटी से सरकार ने 8 वर्षों तक देश को लूटा है, उसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देकर महापौर ने देश की जनता का अपमान किया है. उन्होंने जीएसटी स्लैब कम करने को 8 वर्षों की लूट को छुपाने और कथित वोट चोरी के मामले से ध्यान भटकाने का प्रयास बताया. उन्होंने महापौर को सलाह दी कि वह राजनीतिक आकाओं को खुश करने के बजाय जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दें, जिसके लिए जनता ने उन्हें चुना है.
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जगदलपुर विकास से कोसों दूर है और निगम की निष्क्रियता से आमजनता परेशान है.
इस प्रेसवार्ता में सुशील मौर्य और राजेश चौधरी के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी सतपाल शर्मा, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, प्रभारी महामंत्री जाहिद हुसैन, और अन्य पार्षद व पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे.