बस्तर में फांसी के फंदे पर मिले युवक-युवती के शव, दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी, मौत पर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका!

जगदलपुर- बस्तर जिले में आज दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से युवक और युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले सामने आए हैं. दोनों के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले हैं. एक मामला बड़ांजी थाना क्षेत्र के टांडपाल जंगल का है, जहां युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. वहीं दूसरा मामला जगदलपुर के गोलबाजार स्थित बाफना लाइफस्टाइल शॉप का है. जहां दुकान की छत पर काम करने वाली 19 वर्षीय युवती का शव फांसी के फंदे पर मिला. युवती की मौत के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दुकान प्रबंधन पर कई सवाल खड़े किए हैं. परिजनों का आरोप है कि युवती के शरीर पर चोट और नाखून के निशान मिले हैं. युवती की मौत के मामले में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं.

परिजन ज्योति विश्वकर्मा ने मौत पर कई सवाल खड़े करते हुए युवती की मौत को संदिग्ध बताया है. आरोप है कि युवती के लापता होने के बाद उन्होंने काफी देर तक उसकी तलाश की. लेकिन उन्हें समय पर न तो सीसीटीवी फुटेज दिखाए गए और न ही कोई स्पष्ट जानकारी दी गई. वहीं परिजन युवती के शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने की बात कहते हुए हत्या की आशंका जता रहे हैं. मृतका की पहचान दंतेश्वरी वार्ड निवासी 19 वर्षीय दीपा सागर के रूप में हुई है. परिजनों के मुताबिक दीपा बाफना लाइफस्टाइल शॉप में बीते 21 अक्टूबर से काम कर रही थी. घटना से एक दिन पहले शाम करीब 6 बजे से उसका कोई पता नहीं चल रहा था. परिजनों का कहना है कि जब देर रात तक दीपा घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोग उसे तलाशने दुकान पहुंचे. लेकिन काफी देर तक तलाश करने के बाद भी उन्हें दीपा के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली. परिजनों ने दुकान प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं. आरोप यह भी है कि दीपा की तलाश के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज तत्काल नहीं दिखाई गई. परिवार का कहना है कि बाद में उन्हें युवती का शव दिखाया गया. शव देखकर परिजनों ने दीपा के शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने की बात कही है. इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिजन मौत को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार कर रहे हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं.

मृतिका की बहन पूजा नाग का कहना है कि यदि युवती ढूंढने के दौरान बीते 6 घंटे से नहीं मिल रही थी तो जिम्मेदारों को इसकी सूचना उनके परिजनों को देनी थी. जब काम करने वाले वॉशरूम जाने से भी निगरानी बनाये रखते हैं. ऐसी स्थिति में 06 घण्टे कैसे गायब थी. और मौत के बाद डेड बॉडी को पीछे के दरवाजे से बाहर निकाला गया. जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए. दुकान मालिक कोई भी सहायता नहीं किये.

कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे युवती की मौत की सूचना मिली थी. इसके बाद फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए. शव को पोस्टमार्टम के लिए डिमरापाल मेडिकल कॉलेज भेजा गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी सीडीआर की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल बस्तर जिले में एक ही दिन में दो अलग-अलग घटनाओं में युवक और युवती की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles