जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले के लिए बीती रात बेहद दुखद और सनसनीखेज रही, जहाँ एक तरफ भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, वहीं दूसरी तरफ शहर के भीतर एक पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गरियाबंद जिले से 13 दोस्तों की एक टोली स्कार्पियो वाहन में सवार होकर बस्तर की सैर पर आई थी. विशाखापट्टनम और जगन्नाथपुरी की यात्रा के बाद यह दल दंतेवाड़ा में माँ दंतेश्वरी के दर्शन कर बारसूर घूमने निकला था. वापस लौटते समय मारडूम थाना क्षेत्र में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और तेज रफ्तार स्कार्पियो सीधे एक विशाल कहुआ पेड़ से जा टकराई. टक्कर इतनी भयानक थी कि वाहन में सवार युवक दूर जा गिरे, जिसके चलते रूपेंद्र नेताम, खिलेश्वर नेताम और रामरतन ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में 10 अन्य युवक घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेकाज रेफर किया गया है. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं.
इसी बीच शहर के दंतेश्वरी वार्ड में एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ 75 वर्षीय तारासिंह ने अपनी 70 वर्षीय पत्नी विजय कौर की बेरहमी से हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बताया जा रहा है कि देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर तारासिंह ने नारियल काटने वाले औजार से पत्नी पर हमला कर दिया. गंभीर चोटें आने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद ग्लानि या डर के चलते आरोपी पति ने भी अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. सुबह जब उनके बेटे ने कमरे का नजारा देखा तो शोर मचाया, जिसके बाद बोधघाट पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू की.
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नशाखोरी जैसी अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर अब पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए ‘टीम ब्लैक पैंथर’ को मैदान में उतारा गया है, जिसमें 16 जवानों की विशेष टीम 08 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आउटर कॉलोनियों और संवेदनशील इलाकों में सघन पेट्रोलिंग कर रही है. यह टीम विशेष रूप से स्कूल-कॉलेज के मैदानों, गलियों और प्रमुख चौराहों पर निगरानी रख रही है ताकि सार्वजनिक स्थानों पर शराब या गांजा पीने वालों और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों पर नकेल कसी जा सके. पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि असामाजिक तत्वों के विरुद्ध यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.