NMDC प्लांट में मौत का तांडव, पिघला लोहा छलका और चली गई 31 वर्षीय ऑपरेटर की जान……

जगदलपुर- बस्तर के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. प्लांट में काम के दौरान पिघले हुए लोहे (स्लैग) की चपेट में आने से एक 31 वर्षीय ऑपरेटर की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान छोटे देवड़ा निवासी मंगल साय के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि मंगलसाय वर्ष 2023 से एनएमडीसी स्टील प्लांट में ऑपरेटर के पद पर काम कर रहा था. रोज की तरह वह प्लांट में अपनी ड्यूटी पर तैनात था. इसी दौरान वह पिघलते हुए लोहे यानी स्लैग की चपेट में आ गया. हादसा इतना गंभीर था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया. हादसे की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह रही. NMDC स्टील प्लांट में हुए इस हादसे ने एक बार फिर कर्मचारियों की सुरक्षा और प्लांट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

बस्तर ASP सुखनंदन राठौर का कहना है कि नगरनार स्टील प्लांट में बीती रात एक दुर्घटना घटी है. इस दुर्घटना में NMDC में कार्यरत टेक्नीशियन की मौत हुई है. पिघले हुए लोहे को एक दूसरे से दूसरे जगह ट्रांसफर करने के दौरान वह छलक गया था. जो युवक के ऊपर गिर गया. घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत्यु घोषित कर दिया. इस मामले में मर्ग कायम कर जांच किया जा रहा है.

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आरोप लगाया कि प्लांट में ठेका श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही की आशंकाएं लगातार सामने आ रही हैं. ठेकेदारों की जिम्मेदारी केवल श्रमिकों से काम करवाने तक सीमित नहीं हो सकती, बल्कि उन्हें सुरक्षित कार्यस्थल, आवश्यक सुरक्षा उपकरण, तकनीकी प्रशिक्षण और दुर्घटनाओं से बचाव के सभी उपाय उपलब्ध कराना भी उनकी जिम्मेदारी है. एनएमडीसी प्रबंधन से मांग की कि मंगल साय की मौत को एक सामान्य औद्योगिक दुर्घटना मानकर नजरअंदाज न किया जाए. इस मामले में पारदर्शी जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और रोजगार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही नगरनार स्टील प्लांट में कार्यरत सभी स्थायी व ठेका श्रमिकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं. ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को इस तरह अपने जवान बेटे को न खोना पड़े.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles