जगदलपुर- बस्तर में अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे पटवारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने अब तक की बड़ी कार्रवाई की है. करीब एक महीने से जारी हड़ताल के बीच प्रशासन ने 99 पटवारियों की हड़ताल अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित कर दिया है. जबकि 17 पटवारियों को निलंबित कर दिया गया है. कार्रवाई से पटवारी संघ में हड़कंप मचने की संभावना है.
दरअसल बस्तर जिले के पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं. हड़ताल के चलते राजस्व विभाग से जुड़े कई काम प्रभावित हो रहे हैं. प्रशासन की ओर से हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इसके बावजूद काम पर वापस नहीं लौटने पर अब जिला प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है.
अपर कलेक्टर डीआर डाहिरे के मुताबिक जिले की सभी 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं. जिनमें 30 प्रशिक्षु पटवारी भी शामिल हैं. इनमें से 136 पटवारी हड़ताल पर चले गए थे. जबकि 44 पटवारी अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं.
तहसीलवार कार्रवाई पर नजर डालें तो जगदलपुर और बस्तर तहसील में प्रशासन का सबसे सख्त रुख देखने को मिला है. जगदलपुर तहसील में 26 में से 25 पटवारी हड़ताल पर हैं. इनमें 23 का ब्रेक इन सर्विस और 2 को निलंबित किया गया है. वहीं बस्तर तहसील में सभी 16 पटवारी हड़ताल पर हैं और सभी का ब्रेक इन सर्विस किया गया है. इसके अलावा यहां भी 2 पटवारियों को निलंबित किया गया है. भानपुरी में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताली पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन की कार्रवाई हुई है. जबकि 7 कार्यरत हैं. बकावण्ड में पदस्थ 21 में से 14 हड़ताल पर हैं, जिनमें से 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है. लोहण्डीगुड़ा में पदस्थ 22 में से 11 पटवारी हड़ताल पर हैं और सभी 11 पर ब्रेक इन सर्विस के साथ 2 को निलंबित किया गया है. करपावण्ड में पदस्थ 12 में से हड़ताल पर गए सभी 10 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस और एक को निलंबित किया गया है. नानगुर के 10 में से 8 हड़ताली पटवारियों में से 7 पर ब्रेक इन सर्विस और 2 पर निलंबन की कार्रवाई की गई है. इसके अतिरिक्त तोकापाल में 18 में से 16 हड़ताली पटवारियों में से 2 पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन, बास्तानार में 16 में से 9 हड़ताली पटवारियों में से 2 पर ब्रेक इन सर्विस व 2 पर निलंबन व दरभा तहसील में पदस्थ 18 में से 13 हड़ताली पटवारियों में से एक पर ब्रेक इन सर्विस व एक पर निलंबन की कार्रवाई की गई है.
इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन की सख्ती के बाद पटवारी काम पर लौटेंगे या फिर अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखेंगे. फिलहाल बस्तर में पटवारियों की हड़ताल और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच टकराव की स्थिति और तेज होती दिखाई दे रही है.