मावलीभाटा पथरली-उड़वा के चोरों ने जगदलपुर में की थी पौने दो करोड़ की उठाईगिरी, 150 से अधिक CCTV फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने जंगल में चलाया सर्च ऑपरेशन…..

जगदलपुर- जगदलपुर के बहुचर्चित मोती ज्वेलर्स चोरीकांड में बस्तर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. धनतेरस के दूसरे दिन ( छोटी दीवाली) जगदलपुर शहर के पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलर्स में महिला चोरों की गैंग ने जिस बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था. उसमें पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है, जबकि गिरोह के 3 अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 765 ग्राम सोना बरामद किया है.

बस्तर ASP सुखनंदन राठौर ने बताया कि इस पूरे मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने शहर से लेकर दूसरे जिलों तक जांच का दायरा बढ़ाया. वारदात के बाद पुलिस की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं. एक टीम स्कॉर्पियो वाहन के मूवमेंट पर नजर रख रही थी. जबकि दूसरी टीम महिला चोरों और उनके साथियों की तलाश में जुटी थी. पुलिस ने इस दौरान 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने बाकायदा रेकी की थी. इसके लिए मोटरसाइकिल, ऑटो और स्कॉर्पियो जैसे वाहनों का इस्तेमाल किया गया था. चोरी के बाद जेवर बेचने अन्य सोनार दुकान गए महिलाओं की गतिविधियों पर दुकानदार संदेह हो हुआ. इसके बाद दुकानदार ने उन्हें दुकान से बाहर जाने को कहा था. वहीं आरोपियों की स्कॉर्पियो का पता लगाने के लिए पुलिस ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) से भी संपर्क किया और रायकोट के आसपास वाहन व उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई.

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस संदिग्धों के ठिकानों तक पहुंची. चिन्हांकित घरों में तलाशी ली गई, लेकिन कुछ संदिग्धों के घर बंद मिले. इसके बाद पुलिस ने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोगों के लिए जंगल में भोजन गया हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने नाबालिग से पूछताछ की और जंगल में थर्मल ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया. आखिरकार पुलिस टीम को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली. इस पूरे मामले में कुल 9 लोगों की संलिप्तता सामने आई है. इनमें से 6 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 आरोपी फरार हैं. गिरफ्तार आरोपियों में मासों कश्यप और फूलो कश्यप के नाम भी सामने आए हैं. सभी आरोपी मावलीभाटा, पथरली उड़वा क्षेत्र के बताए जा रहे हैं. कुछ आरोपियों के खिलाफ पूर्व में नारायणपुर जिले में भी अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. फिलहाल पुलिस ने 765 ग्राम सोना बरामद किया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है. मोती ज्वेलर्स में हुई इस बड़ी चोरी के खुलासे के बाद अब पुलिस की जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि शेष सोना कहां है और फरार आरोपियों की भूमिका क्या रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles