जगदलपुर (डेस्क) – नगर पालिक निगम जगदलपुर में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) सुधारों का अभिनंदन एवं समर्थन करते हुए एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया. निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन की अध्यक्षता में यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसमें जीएसटी को ‘एक भारत-एक कर-एक बाजार’ की अवधारणा को साकार करने वाला एक ऐतिहासिक कदम बताया गया.

महापौर ने बताया जीएसटी को ‘आर्थिक क्रांति’

​महापौर संजय पांडे ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘युग पुरुष’ बताते हुए कहा कि उन्होंने सरल कर प्रणाली के दृष्टिकोण से भारत की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है. उन्होंने जोर देकर कहा, “यह सुधार केवल कर व्यवस्था का परिवर्तन नहीं, बल्कि एक भारत-एक कर-एक बाजार की अवधारणा को जीवन में उतारने का निर्णय है.”

महापौर ने बताया कि जीएसटी सुधारों को कृषि, व्यापार, महिलाओं, युवाओं और मध्यम वर्ग को लाभ पहुंचाने, भारत की आर्थिक नींव को मजबूत करने और नागरिकों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए डिज़ाइन किया गया है. उन्होंने कहा, “हम विश्वास दिलाते हैं कि आपके नेतृत्व में हमारा भारत विकसित भारत 2047 के स्वप्न को अवश्य साकार करेगा.”

कांग्रेस पर साधा निशाना 

​महापौर संजय पांडे ने इस दौरान कांग्रेस पर भी तीखा हमला किया. उन्होंने कहा कि 60 साल तक वित्तीय स्कूल लूटने वाली कांग्रेस ने राष्ट्रहित के हर मुद्दे पर हमेशा विरोध किया है. उन्होंने धारा 370 हटाना, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक और नागरिक संशोधन अधिनियम जैसे मुद्दों पर कांग्रेस के विरोध का हवाला दिया.

​इस दौरान पार्षदों ने भी भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने का आधार बताया.

अन्य सभापतियों और पार्षदों ने भी जीएसटी सुधारों की सराहना की :

● ​सभापति योगेंद्र पांडे ने कहा कि जीएसटी स्लैब के सरलीकरण और रेट कम करने से भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ अग्रसर हो चुका है.

● ​सभापति सुरेश गुप्ता ने इसे ‘एक राष्ट्र एक टैक्स’ की भावना के साथ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा को साकार करने वाला बताया.

● ​सभापति निर्मल पाणिग्रही ने कहा कि नए सुधार से सूक्ष्म, लघु और मंझोले उद्योगों और किसानों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा.

कांग्रेस की अनुपस्थिति, निर्दलीयों का समर्थन

​यह विशेष सम्मेलन नगर निगम के 32 पार्षदों द्वारा महापौर को पत्र लिखकर आयोजित करने के अनुरोध पर बुलाया गया था. हालांकि, इस विशेष सामान्य सभा की बैठक में कांग्रेसी पार्षद अनुपस्थित रहे और न ही उनकी तरफ से कोई पत्र निगम को प्राप्त हुआ. वहीं, निर्दलीय पार्षदों माया नायक एवं कुबेर देवांगन ने इस प्रस्ताव का पूर्णतः समर्थन किया.

​बैठक में एमआईसी सदस्य लक्ष्मण झा, राणा घोष, कलावती कसेर, त्रिवेणी रंधारी, श्वेता बघेल, संजय विश्वकर्मा, संग्राम सिंह राणा सहित समस्त भाजपा पार्षद दल और निगम के आयुक्त प्रवीण वर्मा उपस्थित रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed