बीजापुर (चेतन कापेवार). बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित जिले में बीती रात सोमनल्ली गांव के कुड़ियाम माड़ो नामक ग्रामीण की नक्सलियों ने उसके घर से बाहर निकालकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी है. हत्या की जिम्मेदारी नक्सलियों के नेशनल पार्क एरिया कमिटी ने ली है. घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीण के शव के पास से नक्सली पर्चा भी बरामद किया है. जिसमें नक्सलियों ने मृतक पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाया है. यह पूरा मामला बीजापुर जिले के फरसेगढ़ थाना क्षेत्र का है.
विदित हो कि सप्ताहभर के भीतर बीजापुर में नक्सलियों ने हत्या की पांचवी वारदात को अंजाम दिया है. सबसे पहले नक्सलियों ने भैरमगढ़ और कादेर में दो पूर्व सरपंच की हत्या के बाद बासागुड़ा में एक महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और फिर मद्देड़ के लोडर में एक अन्य महिला को मुखबिरी के शक में मौत के घाट उतार चुके है. सिलसिलेवार हत्या की वारदातों से बीजापुर में एक बार फिर से नक्सलियों का खौफ पैर पसारता नजर आ रहा है.