बस्तर- वर्ष 2024 में नक्सली मोर्चे पर लगातार सुरक्षाबल के जवानों को सफलता मिल रही है. अलग-अलग नाम से अलग-अलग जिलों में माओवादियों के खिलाफ ऑपरेशन लॉन्च किया जा रहा है. वर्ष 2024 बीतने को है और एक बार फिर से जवानों और माओवादियों के बीच अबूझमाड़ के जंगल में मुठभेड़ चल रही है.
दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने बताया कि अबूझमाड़ के दक्षिणी क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इस सूचना पर नक्सल विरोधी सर्च अभियान संचालित किया गया है. इस अभियान के तहत 10 दिसंबर को नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिले की DRG टीम के साथ एसटीएफ और सीआरपीएफ की संयुक्त पार्टी को सर्चिंग अभियान के लिए रवाना किया गया था. और आज 12 दिसंबर की सुबह 3:00 से जवानों और माओवादियों के बीच रुक-रुक कर मुठभेड़ हो रही है. मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्चिंग अभियान जारी है. अभियान समाप्त होने के बाद पूरी जानकारी देने की बात दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने कही है.
गौरतलब है कि अब तक 2024 में जवानों और माओवादियों के बीच हुए मुठभेड़ों में 207 माओवादियों को मार गिराया गया है. जिनके शव पुलिस ने बरामद किया है. साथ ही बड़ी संख्या में अत्याधुनिक हथियारों को भी बरामद किया है. जिसमें LMG, Ak-47, इंसास, एसएलआर व माओवादियों द्वारा निर्मित हथियार भी शामिल हैं. मारे गए माओवादियों में DKSZC, DVCM, ACM कमांडर सहित अन्य कैडर के माओवादी शामिल हैं.