जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). बोधघाट थाना क्षेत्र के ग्राम नकटी सेमरा में बीते कल सोमवार को हुए हत्या के मामले में भाई के बाद आरोपी की माँ ने भी ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी को अपनी कस्टडी में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है.

मामले का खुलासा करते हुए एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि आरोपी रिक्की दास (39) पिछले तीन सालों से ग्राम नकटी सेमरा में राइस मिल के पीछे एक मकान में अकेले रहता था. आरोपी की पत्नी और उसके बच्चे उसे 8 साल पहले ही छोड़कर चले गए है. आरोपी 12 साल पहले राजधानी यात्री बस में कंडक्टर था. पिछले कई सालों से वह कोई काम नही कर रहा था. आरोपी का अक्सर अपने परिवार वालों के साथ विवाद होता रहता था. पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि माँ, पत्नी और उसके बच्चों ने रिक्की दास को अकेले छोड़ दिया था. जिसकी वजह से वह डिप्रेशन, मानसिक तनाव, आर्थिक तंगी और विचलित मन का हो गया था. इसी कारण आरोपी की माँ ने उसे नकटी सेमरा में अकेले रहने के लिए छोड़ दिया था. लेकिन आरोपी की माँ हमेशा राशन पहुंचाने नकटी सेमरा आती थी. एएसपी ने बताया कि बीते कल सोमवार को भी आरोपी की माँ अपनी बहन के बेटे देवानंद हीरा के साथ राशन देने के लिए पहुंची हुई थी. दोपहर करीबन 1:30 बजे आरोपी ने अपनी माँ के साथ विवाद करना शुरू कर दिया. विवाद के दौरान आरोपी अपनी माँ को यह कहता रहा कि मुझे मरने के लिए अकेला छोड़ दिए हो, तुम लोग मेरी जिंदगी बर्बाद कर दिए हो. पुरानी बातों को लेकर और अपना खुन्नस निकालते हुए अपनी माँ से लड़ाई करने लगा. इसी दौरान आरोपी का मौसेरा भाई देवानंद बीच बचाव करने लगा. इससे आरोपी ज्यादा नाराज हो गया और उसने पास में ही रखे लोहे के मोटे पाइप से अपने भाई के सिर पर हमला कर दिया. इस हमले में देवानंद की मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी अपनी माँ को भी जान से मारने की नीयत से उसके भी सिर पर वार कर दिया. जिसकी ईलाज के दौरान मौत हो गई. फिलहाल पुलिस बीएनएस की धारा 103.1, 238 के तहत मामला दर्ज करते हुए आवश्यक कार्यवाही करने में जुटी हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed