जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). जिले में चोरों के हौसले बुलंद होते नजर आ रहे है. बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने गीदम रोड में स्थित तीन बड़े शोरूम को अपना निशाना बनाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है.
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात चोरों ने गीदम रोड में स्थित मारुति सुजुकी, महेंद्रा और टोयोटा कार शोरूम में सेंध लगाई है. अज्ञात चोरों ने तीनो शोरूम के केश काउंटर को तोड़कर उसमें से करीबन 6 लाख रुपये पर अपना हाथ साफ किया है. अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने चोरी करने से पहले तीनों शोरूम की अच्छी तरह से रेकी की होगी. क्योंकि चोरों ने शोरूम में रखे अन्य सामानों को हाथ तक नही लगाया है. चोरों ने सीधे शोरूम के केश काउंटर को अपना निशाना बनाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है. पुलिस घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करते हुए मामले की तफ्तीश में जुट गई है.