आकाश नारायणपुर- अबूझमाड़ के घने जंगलों में सुरक्षाबलों के सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान एक बड़ी कामयाबी सामने आई है. भटबेड़ा इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक संदिग्ध डंप से 6 प्रेशर कुकर IED और 1 पाइप बम IED बरामद किया. बरामद विस्फोटक सामग्री को बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया. जानकारी के मुताबिक 5 अक्टूबर को नारायणपुर पुलिस और 29वीं वाहिनी ITBP की संयुक्त टीम अबूझमाड़ के रैनार कैंप से माक्सोली–भटबेड़ा– रैनार इलाके में सर्चिंग पर निकली थी. तलाशी के दौरान जवानों की नजर कुछ संदिग्ध वस्तुओं पर पड़ी. इसके बाद इलाके को सुरक्षित कर आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया गया. तलाशी के दौरान एक संदिग्ध डंप से कुल 7 IED बरामद हुए. इनमें 6 प्रेशर कुकर IED और एक पाइप बम शामिल था. मौके से IED तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कुछ सामग्री भी बरामद की गई है. जिसमें मल्टीमीटर, पेचकस, सोल्डरिंग तार, सोल्डरिंग आयरन और वाहन खोलने वाली तीन चाबियां शामिल हैं.
विस्फोटक मिलने के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई. बम निरोधक एवं निष्क्रियता दल ने आवश्यक सावधानियों के साथ बरामद IED को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया. अबूझमाड़ के दुर्गम इलाकों में सुरक्षा बलों का सर्च और सैनिटाइजेशन अभियान लगातार जारी है. इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की सतर्कता और संयुक्त अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है. खासकर जंगलों में छिपाकर रखे गए विस्फोटकों की बरामदगी से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिली है.