जगदलपुर- दीपा सागर की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर शुरू हुआ आंदोलन अब बस्तर के सामाजिक संगठनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप की लड़ाई में बदलता नजर आ रहा है. 17 नवंबर को छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष दशरथ सिंह कश्यप सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में आंदोलन से जुड़े लोगों पर आर्थिक प्रलोभन देकर भीड़ जुटाने, धन उगाही और सामाजिक विद्वेष फैलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे. अब इन आरोपों को लेकर बस्तरिया सर्व मूल समाज ने मोर्चा खोल दिया है.
समाज के पदाधिकारियों ने जगदलपुर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपी है. इसमें दशरथ सिंह कश्यप, राजाराम तोड़ेम, बलिराम पुजारी, सदाराम सहित आवेदन पर हस्ताक्षर करने वाले अन्य लोगों से आरोपों के समर्थन में प्रमाण मांगे गए हैं. शिकायतकर्ताओं ने सवाल उठाया है कि आखिर किन ग्रामीणों को पैसे दिए गए, किसने धन उगाही की और कथित आर्थिक लेन-देन के क्या सबूत हैं?
शिकायत में आठ बिंदुओं पर जवाब मांगा गया है. इसमें आंदोलन के वित्तीय स्रोत, आर्थिक प्रलोभन, अवैध वसूली, सामाजिक विद्वेष फैलाने, विश्व आदिवासी दिवस की रैली में नक्सली हिडमा के महिमामंडन वाले गीत बजाने और दीपा सागर के पीड़ित परिवार के पुलिस जांच में सहयोग को लेकर लगाए गए दावों का आधार स्पष्ट करने की मांग शामिल है.
बस्तरिया सर्व मूल समाज ने पुलिस से आवेदन की निष्पक्ष जांच कर संबंधित पदाधिकारियों से साक्ष्य मांगने और आरोप प्रमाणित नहीं होने तथा जानबूझकर भ्रामक आरोप लगाने की पुष्टि होने पर FIR दर्ज करने की मांग की है.
जिला अध्यक्ष गंगाराम नाग ने कहा कि दीपा सागर को न्याय दिलाना सभी का उद्देश्य होना चाहिए. लेकिन न्याय की लड़ाई लड़ने वालों को बिना प्रमाण बदनाम करने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. समाज ने चेतावनी दी है कि प्रतिष्ठा धूमिल करने की मंशा सामने आने पर न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर किया जाएगा.
इस दौरान युवा प्रभाग अध्यक्ष बसंत कश्यप, संभागीय युवा प्रभाग अध्यक्ष संतु मौर्य सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. अब पूरे मामले में पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के साक्ष्यों पर निगाहें टिकी हैं.