नारायणपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों का सर्चिंग अभियान लगातार जारी है. इसी बीच नारायणपुर जिले के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया. जब बिजली पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदने के दौरान जमीन में छिपाकर रखा गया संदिग्ध कुकर आईईडी बरामद हुआ. करीब 5 किलोग्राम वजनी इस आईईडी की सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए इसे निष्क्रिय कर दिया.
दरअसल मामला थाना कोहकामेटा अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र कुतुल क्षेत्र के ग्राम केहनार का है. 4 नवंबर को बिजली पोल लगाने के लिए गड्ढा खोदने के दौरान संदिग्ध विस्फोटक मिलने की सूचना पुलिस को दी गई थी. सूचना मिलते ही जिला पुलिस बल और आईटीबीपी की 41वीं वाहिनी के बम निरोधक दस्ते को मौके के लिए रवाना किया गया. संयुक्त टीम ने केहनार-कुतुल मार्ग के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग की. इस दौरान कुतुल कैंप से करीब 7 किलोमीटर दूर फरसबेडा रोड पर 5 किलो वजनी प्रेशर कुकर आईईडी बरामद हुआ. इसके बाद आईटीबीपी के बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम करते हुए नियंत्रित विस्फोट के जरिए आईईडी को निष्क्रिय कर दिया. राहत की बात यह रही कि इस पूरी कार्रवाई में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सकुशल वापस लौट आई.