नारायणपुर- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नाबालिग बालिकाओं और महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है. नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान अजीत राजपूत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के शिवहर जिले का निवासी है और वर्तमान में नारायणपुर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में रह रहा था.
मामले के अनुसार 03 नवंबर 2026 को पीड़िता के परिजनों ने थाना नारायणपुर पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि युवक नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 65(1) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और परिजनों के बयान दर्ज किए व बालिका का जिला अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण कराया. वहीं आरोपी की तलाश शुरू कर उसे हिरासत में लिया गया. उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 04 नवंबर को आरोपी अजीत राजपूत (23 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.