जगदलपुर- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने के साथ ही बस्तर में अवैध धान भंडारण और कारोबार करने वालों पर प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है. इसी कड़ी में गुरुवार को जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम पंचायत मूली में छापेमार कार्रवाई करते हुए 110 क्विंटल अवैध रूप से भंडारित धान जब्त किया है. कार्रवाई के दौरान घर और गोदाम में रखी धान की 276 बोरियां बरामद हुईं.
दरअसल प्रशासन की टीम अवैध धान भंडारण और बिचौलियों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चला रही है. इसी दौरान ग्राम पंचायत मूली में शंकर उमर वैश्य के घर और गोदाम में बड़ी मात्रा में धान रखे होने की सूचना मिली. सूचना के आधार पर गुरुवार को खाद्य विभाग, मंडी और विपणन विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी. जांच के दौरान 276 बोरियों में भरा धान मिला, जिसकी मौके पर तौल कराने पर कुल मात्रा 110 क्विंटल पाई गई. अधिकारियों ने जब धान के भंडारण से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे तो मौके पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका. इसके बाद संयुक्त टीम ने पंचनामा तैयार कर मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत पूरे 110 क्विंटल धान को जब्त कर लिया.
बस्तर में धान खरीदी के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान भंडारण करने वालों में हलचल है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने और बिचौलियों पर अंकुश लगाने के लिए जांच अभियान लगातार जारी रहेगा.
