जगदलपुर- छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का दौर शुरू होते ही प्रशासन ने अवैध धान के परिवहन और खपाने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. धान खरीदी व्यवस्था में गड़बड़ी रोकने और दूसरे क्षेत्रों से अवैध धान की आवक पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है. इसी कड़ी में गुरुवार को बस्तर जिले में जांच दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 क्विंटल धान से लदी एक पिकअप वाहन को जब्त किया है.
दरअसल बस्तर जिले में धान के अवैध परिवहन को रोकने के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान करपावंड और मटनार के बीच जांच दल ने पिकअप क्रमांक CG 07 AT 0484 को रोककर तलाशी ली. वाहन में 60 बोरियों में कुल 24 क्विंटल धान लोड मिला. जब अधिकारियों ने चालक से धान परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. इसके बाद जांच दल ने मंडी अधिनियम की धारा 19 के तहत धान सहित पिकअप वाहन को जब्त कर लिया. आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए वाहन को थाना करपावंड की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान की आवक रोकने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है. सीमावर्ती इलाकों में भी जांच तेज कर दी गई है. धान खरीदी के बीच प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध धान के कारोबार पर सख्ती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है. आने वाले दिनों में भी जांच और कार्रवाई जारी रहने की बात कही जा रही है.