जगदलपुर (डेस्क) – पलायन करना कांग्रेस का मूल चरित्र हो गया है. जब कांग्रेस नगर निगम में सत्तासीन थी तब भी भाजपा का सामना करने के भय से कांग्रेस के बहुमतधारी पार्षद शहर छोड़ कर रायपुर राजधानी भाग जाते थे. अभी भी कांग्रेस के समस्त पार्षद नगर निगम की अत्यंत महत्वपूर्ण सामान्य सभा से मात्र बीस मिनट में भाग खड़े हुये. भाजपा जिला मीडिया प्रभारी व मोतीलाल नेहरू वार्ड पार्षद आलोक अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस का यह आचरण स्पष्ट बताता है कि कांग्रेस के लिये राजनीति ज़िम्मेदारी ज़वाबदारी नहीं बल्कि दुकानदारी है। जनता की सेवा और जन समस्याओं के निदान से उनका कोई सरोकार नहीं है.
आलोक अवस्थी ने कांग्रेस से सवाल करते हुये कहा कि मौजूदा समय में कांग्रेस नगर निगम में विपक्ष की भूमिका में है. क्या सत्ता सुख पाने का स्वप्न ध्वस्त होने के बाद कांग्रेस को विपक्ष का दायित्व निभाने में शर्म महसूस हो रही है. शहर की सम्मानीय जनता को कांग्रेस जवाब दे कि नगर निगम की सामान्य सभा में आम जनता से जुड़ी समस्याओं व शहर विकास के विषयों पर गंभीरता से विस्तृत चर्चा करने के बजाय कांग्रेस के सभी 18 पार्षद एक साथ बहिर्गमन कर गये. सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक चलने वाली सामान्य सभा की बैठक में मात्र 20 मिनट बैठने का अहसान कांग्रेस व उनके पार्षद अब पत्र वार्ता और सड़क में बेजा हल्ला मचा कर शहर की आमजनता पर जताने की अशोभनीय राजनीति कर रहे हैं.
आलोक अवस्थी ने कहा कि कांग्रेस की कलई खुल गयी है. कांग्रेस को मैदान छोड़ना ही होगा क्योंकि अब प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का सुशासन है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक किरण सिंह देव के नेतृत्व में क्षेत्र में योजनाबद्ध रुप से निरंतर विकास के आयाम गढ़े जा रहे हैं.