जगदलपुर में दीपावली की मिठास में मिलावट का खतरा! खाद्य विभाग की मिठाई दुकानों पर छापेमारी…..

जगदलपुर- दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में मिठाइयों और नमकीन की मांग बढ़ गई है. ऐसे में कहीं त्योहार की मिठास लोगों की सेहत पर भारी न पड़ जाए, इसे देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मिठाई दुकानों पर जांच अभियान तेज कर दिया है. इसी कड़ी में विभाग की टीम ने आड़ावाल और जगदलपुर शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की. इस दौरान कई खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए. वहीं एक्सपायर और अस्वच्छ स्थिति में रखी खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया.

निरीक्षण के दौरान आड़ावाल की मिठाई दुकानों से खोवा, काजू कतली, कलाकंद, पेड़ा, गुलाब जामुन, काला जामुन, नारियल लड्डू, नमकीन और डोडा बर्फी सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए. वहीं जांच के दौरान 12 किलोग्राम एक्सपायर डालडा और 8 किलोग्राम रसगुल्ला अनुपयोगी पाए जाने पर नष्ट कराया गया. इसी तरह जगदलपुर शहर की मिठाई दुकानों में भी खाद्य विभाग की टीम ने जांच की. यहां से खोवा, गुलाब जामुन, सेव नमकीन, केसर बाटी, पेस्ट्री, चमचम और खोवा पेड़ा सहित कई खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए. इस दौरान करीब 10 किलोग्राम खोवा अस्वच्छ स्थिति में रखा पाया गया, जिसे टीम ने नष्ट कराया. इसके अलावा 5 खाद्य प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुधार करने के लिए नोटिस भी जारी किया गया है.

खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम का कहना है कि दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखी जा रही है. नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles