जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों, अवैध शराब, जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने आज गुरुवार को भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है.

सीएसपी विकास कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब अपनी स्कूटी में लेकर कुदालगांव की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर कोतवाली पुलिस की एक टीम को कुदालगांव के लिए रवाना किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम कुदालगांव पहुंच गई. इसी दौरान पुलिस ने कुदालगांव की तरफ आ रहे एक स्कूटी सवार युवक को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही स्कूटी सवार युवक अपनी वाहन को तेजी से चलाकर भागने लगा. पुलिस ने भी भाग रहे युवक को घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस ने युवक के स्कूटी में रखे 150 नग गोआ व्हिस्की के पौवे बरामद किया. जिसकी कीमत 19 हजार 500 रुपये आंकी गई है. कड़ी पूछताछ में आरोपी मुकेश सेठिया (28) निवासी मटनार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed