दलपत सागर में एक साथ 8 ठेलों के टूटे ताले, CCTV के सहारे पुलिस पहुंची आरोपियों के घर, 6 नाबालिक पकड़े गए, सामान बरामद…….

जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर जिला मुख्यालय जगदलपुर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि उन्होंने शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल दलपत सागर के रानी घाट को ही निशाना बना लिया. यहां एक-दो नहीं, बल्कि एक साथ 8 ठेलों के ताले तोड़कर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. रात के अंधेरे में हुई इस घटना से ठेला संचालकों में हड़कंप मच गया. हालांकि मामले की सूचना मिलते ही सक्रिय हुई बस्तर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर चोरी की इस वारदात का खुलासा कर दिया.

दरअसल 19 नवंबर 2026 की रात अज्ञात चोरों ने दलपत सागर के रानी घाट के पास लगे 8 ठेलों को निशाना बनाया. चोरों ने ठेलों के ताले तोड़कर वहां रखा सामान पार कर दिया. घटना की शिकायत पर कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 489/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. इसी दौरान एक बिना नंबर की यामाहा FZ मोटरसाइकिल पुलिस की जांच के केंद्र में आई. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए पुलिस टीम आरोपियों के घर तक पहुंच गई. जांच में इस चोरी की घटना में 6 नाबालिकों की संलिप्तता सामने आई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 को अभिरक्षा में लिया है. वहीं ठेलों से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles