बस्तर पुलिस विभाग में करोड़ों रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा, 3 कर्मचारी गिरफ्तार….

जगदलपुर- बस्तर पुलिस विभाग में करोड़ों रुपये के वित्तीय घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस विभाग की वेतन शाखा में पदस्थ तीन कर्मचारियों पर पिछले दो वर्षों के दौरान वेतन में हेराफेरी करने और लोन के नाम पर फर्जी भुगतान कर सरकारी राशि का गबन करने का आरोप है. मामले का खुलासा ऑडिट प्रक्रिया के दौरान हुआ. जिसके बाद विभागीय जांच में गड़बड़ियों की पुष्टि होने पर तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

बस्तर एसपी शलभ सिन्हा ने बताया कि पुलिस विभाग की वेतन शाखा व अन्य शाखाओं में कार्यरत 3 कर्मचारियों ने सुनियोजित तरीके से वेतन संबंधी अभिलेखों में हेरफेर कर व लोन वितरण के नाम पर फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपये का गबन किया. यह अनियमितता नियमित ऑडिट के दौरान सामने आई है. जिसके बाद एक डीएसपी रैंक के अधिकारी को विस्तृत जांच सौंपी गई. जांच में प्रथम दृष्टया वित्तीय गड़बड़ी की पुष्टि होने पर तीनों कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया. गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया. जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. पुलिस विभाग की जांच अभी जारी है. प्रारंभिक जांच में अन्य लोगों की भूमिका भी संदिग्ध मानी जा रही है. पुलिस ने संभावित संलिप्त कर्मचारियों और संबंधित व्यक्तियों की सूची तैयार कर पूछताछ शुरू कर दी है. जांच पूरी होने के बाद यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. यह मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग की वित्तीय कार्यप्रणाली और आंतरिक निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. अब सभी की नजर इस बात पर है कि जांच में और कितने नाम सामने आते हैं. व सरकारी खजाने को हुए वास्तविक नुकसान का आंकड़ा कितना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles