जगदलपुर (डेस्क) – शहर के जियो स्मार्ट बाजार में हुई एक शर्मनाक घटना ने सबको चौंका दिया है. एक युवक ने न सिर्फ दुकान के भीतर हंगामा किया, बल्कि महिला कर्मचारियों के सामने अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी. इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है.

क्या है पूरा मामला ?

​घटना जगदलपुर के जियो स्मार्ट बाजार बिनाका हेरिटेज की है, जहाँ उप-प्रबंधक शिवम उपाध्याय ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, आदित्य पांडे नाम का एक युवक बीते 11 सितंबर को दोपहर 12 बजे स्टोर में आया. उसने पहले तो स्टोर में लगे कैमरों के बारे में पूछताछ की और फिर महिलाओं के टॉयलेट रूम में घुस गया. जब गार्ड्स ने उसे बाहर निकाला, तो उसने गंदी गालियां देना शुरू कर दिया. उसने एक नई शर्ट भी टॉयलेट में डाल दी, जिससे वह खराब हो गई.​ जब स्टोर प्रबंधन ने उससे शर्ट का पेमेंट करने को कहा, तो उसने पैसे दिए, लेकिन नशे की हालत में वहां मौजूद स्टाफ और महिला ग्राहकों के सामने अश्लील गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर भाग गया.

​दो दिन बाद, 13 सितंबर को, वह फिर से स्टोर आया और चिल्लाने लगा कि “मैनेजर ने मेरा पैसा खाया है” और “मैं जियो मार्ट में आग लगा दूंगा.” उसने फिर से महिला कर्मचारियों और ग्राहकों के सामने स्टाफ को गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी. इस घटना से स्टोर के कर्मचारी और ग्राहक दहशत में आ गए.

पुलिस ने की सख्त कार्रवाई

​मामले की गंभीरता को देखते हुए, जियो मार्ट के उप-प्रबंधक शिवम उपाध्याय ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. इस संबंध में, एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि आरोपी आदित्य पांडे के खिलाफ आवश्यक धाराओं के साथ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है, आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed