जगदलपुर- छत्तीसगढ़ के बस्तर में सड़क हादसे के मामले थमने का नाम नहीं लेती है. आये दिन सड़क दुर्घटनाएं बस्तर की सड़कों पर होती है. बस्तर के नेशनल हाईवे 30 में यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई है. जिसमें 1 महिला की मौत वहीं करीब 10-15 यात्री घायल हैं. जिन्हें अस्पताल इलाज के लिए पहुंचाया गया है. बस में कुल 34 यात्री सवार थे.
मिली जानकारी के अनुसार रॉयल ट्रेवल्स की बस रायपुर से कोंटा के लिए निकली थी. इसी दौरान बस्तर के बालेंगा कोसा सेंटर के पास वाहन चालक से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई. वाहन पलटने से यात्रियों को काफी नुकसान हुआ है. घटना में एक महिला यात्री की बस में दबने से मौत हो गई है. वहीं 10-15 यात्री घायल हैं. जिन्हें 108 व निजी वाहनों से डिमरापाल अस्पताल पहुंचाया गया है. जहां उनका ईलाज जारी है. बताया जा रहा है कि घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है. इधर मृतिका के शव को पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचाया गया है. और परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है. परिजनों की उपस्थिति में पोस्टमार्टम प्रकिया सम्पन्न कराने के बाद शव उन्हें सौंप दी जाएगी. मृतिका का नाम पदमनी चंद्रवंशी है. जो कवर्धा की निवासी है. और सुकमा जिले के कोंटा में शिक्षिका का कार्य करती थी.