जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर से गुजरने वाली महत्वपूर्ण केके (किरंदुल-कोत्तावालसा) रेललाइन पर बीती रात एक बड़ा रेल हादसा हुआ है. किरंदुल से भारी मात्रा में लौह अयस्क भरकर विशाखापट्टनम जा रही एक मालगाड़ी चिमडीपल्ली और टायड़ा स्टेशनों के बीच डि रेल हो गई.

चट्टान से टकराई मालगाड़ी

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना तब हुई जब घाट सेक्शन में मालगाड़ी अचानक एक चट्टान से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि इंजन सहित मालगाड़ी के कई डिब्बे पटरी से उतर गए. डिब्बे पूरी तरह से पलट गए हैं, जिससे ट्रैक पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है.

यात्री ट्रेनें प्रभावित

इस दुर्घटना के तत्काल बाद, रेल प्रशासन ने एहतियातन विशाखापट्टनम-किरंदुल पैसेंजर ट्रेन को रद्द कर दिया है. इसके अलावा, इस रूट से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ने की आशंका है.

राहत और बचाव कार्य जारी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे का अमला तुरंत मौके पर पहुंचा. राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है. रेलकर्मी और तकनीकी टीमें युद्धस्तर पर क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाकर ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने में जुटी हुई हैं. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं. लाइन क्लियर होने और रेल यातायात सामान्य होने में कुछ समय लग सकता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed