सुनील कश्यप, जगदलपुर। चितरकोट जलप्रपात में डूबने से आज एक महिला पर्यटक की मौत हो गई है। जिसका शव पुलिस ने बरामद किया है जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना कर दिया गया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांकेर के कुरेली ग्राम पंचायत की निवासी ललिता कोर्राम देश में मिनी नियाग्रा के नाम से मशहूर चितरकोट जलप्रपात को निहारने के लिए बस्तर पहुंची थी। और जलप्रपात के नजदीक बने मंदिर में 2 दिन पहले पूजा पाठ की। जिसके बाद कल 11 अप्रैल को नहाने के लिए महिला जलप्रपात के नजदीक पहुंची थी जहां पैर फिसलने की वजह से महिला गहरे पानी में चली गई। जिसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस ने रेस्क्यू टीम की मदद से महिला को ढूंढने के कार्य में जुट गई। जिसके बाद रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए महिला के शव को 1 दिन बाद बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल रवाना कर दिया है।
इधर देश में मिनी नियाग्रा के नाम से मशहूर चितरकोट जलप्रपात में डूबने का यह पहला मामला नहीं है इससे पहले भी कई पर्यटक इस खूबसूरत जलप्रपात में हादसे का शिकार हो चुके हैं।