जगदलपुर (डेस्क) – छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 साल पूरे होने का जश्न आज जगदलपुर में युवाओं के उत्साह और जोश के साथ मनाया गया. स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय और शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित “रजत जयंती समारोह” में बस्तर जिले के 10 से अधिक महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
क्विज, समूह चर्चा और भाषण प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए लगभग 70 प्रतिभागी एक साथ आए. इस कार्यक्रम का उद्देश्य न सिर्फ राज्य की 25 साल की प्रगति का जश्न मनाना था, बल्कि विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को निखारने का मंच भी प्रदान करना था.

विकास और रोजगार पर रहा जोर
कार्यक्रम के पहले सत्र में बस्तर संभाग उच्च शिक्षा के अपर संचालक डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की. उन्होंने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों के विकास पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा को रोजगार से जोड़ना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है.
क्विज में स्वामी आत्मानंद कॉलेज का दबदबा
प्रतियोगिताओं के परिणामों में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, जगदलपुर ने क्विज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया. वहीं, शासकीय काकतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की छात्राओं ने भाषण और समूह चर्चा में पहला स्थान प्राप्त कर अपने वक्तव्य कौशल को साबित किया.
डिप्टी कलेक्टर नंदिनी साहू ने किया प्रेरित
समापन समारोह में डिप्टी कलेक्टर नंदिनी साहू ने युवाओं को संबोधित किया. उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने और उन्हें पाने के लिए कड़ी मेहनत करने का संदेश दिया. उन्होंने कहा, “आप सभी देश का भविष्य हैं. अपनी जिम्मेदारियों को समझें और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें.”
कार्यक्रम का सफल संचालन निहारिका साहू और अलीसा पाण्डेय ने किया, जिसने इस आयोजन में एक और आकर्षण जोड़ा. यह कार्यक्रम न सिर्फ एक प्रतियोगिता थी, बल्कि छत्तीसगढ़ की युवा पीढ़ी के लिए एक प्रेरणा का स्रोत भी बन गया.