जगदलपुर (डेस्क) – बस्तर जिले में आज गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा कोड़ेनार थाना क्षेत्र के बास्तानार घाट पर हुआ, जब एक तेज रफ्तार टाटा सूमो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई.
मिली जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो दंतेवाड़ा से जगदलपुर की ओर आ रही थी. घाट पर गाड़ी ने सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी और उसके पास खड़े एक युवक को जोरदार टक्कर मारी. टक्कर इतनी भीषण थी कि सूमो अपना संतुलन खो बैठी और सीधे घाट से नीचे जा गिरी.
इस हादसे में टाटा सूमो में सवार सविता ठाकुर और स्कूटी के पास खड़े संजय कुमार सक्सेना की मौके पर ही मौत हो गई. सूमो में सवार तीन अन्य लोग, जिनमें यश ठाकुर, हर्ष और एक महिला शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला. सभी घायलों को तुरंत मेकॉज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले कि जांच शुरू कर दी है.