सुकमा (डेस्क) – नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से एक बार फिर बड़ी घटना सामने आई है. थाना केरलापाल अंतर्गत ग्राम सिरसेटी के नंदापारा में नक्सलियों ने दो ग्रामीणों को मौत के घाट उतार दिया है. घटना की पुष्टि पुलिस ने करते हुए बताया कि सोमवार देर रात नक्सलियों ने गांव में घुसकर दो ग्रामीणों को अगवा किया और बाद में उनकी हत्या कर दी है.

घटना की सूचना मिलते ही थाना केरलापाल पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने ग्रामीणों पर मुखबिरी का आरोप लगाया था, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया है. हालांकि, पुलिस ने कहा है कि घटनास्थल की जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी सूचना के मुताबिक, घटनास्थल की तस्दीक की जा रही है और अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी पृथक से मीडिया को उपलब्ध कराई जाएगी.

बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित इलाकों में अक्सर ग्रामीणों को नक्सली संगठन मुखबिरी के शक में निशाना बनाते रहे हैं. यह घटना भी उसी कड़ी का हिस्सा मानी जा रही है. लगातार हो रही ऐसी वारदातों से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी प्रशासन को दें.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed