जंगल में माओवादियों का डम्प मिला, हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद……

कांकेर- छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सल उन्मूलन अभियान के बीच सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है. उत्तर बस्तर कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के एक डम्प का खुलासा किया है. जंगल और पहाड़ी इलाके में छिपाकर रखे गए इस डम्प से हथियार, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री बरामद की गई है. बरामद संदिग्ध IED और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया.

दरअसल 16 नवंबर को कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मोदेमरका और मिच्चेबेड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला बल, बीएसएफ और बीडीएस की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई सामग्री मिली. जांच के दौरान डम्प से एक भरमार बंदूक, करीब एक किलो बारूद, दो डेटोनेटर और संदिग्ध IED से जुड़ी सामग्री बरामद हुई. विस्फोटक सामग्री की संवेदनशीलता को देखते हुए बीडीएस टीम ने उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक नक्सल प्रभावित सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा बलों की निगरानी और सर्चिंग अभियान लगातार जारी है. नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच इस डम्प की बरामदगी को सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles