जगदलपुर (डेस्क) – जिले से एक अनोखा मामला निकलकर सामने आया है. यहां एक गांव में बीते कल सोमवार को नवाखानी के त्यौहार के दौरान एक मुर्गे ने इतना बवाल खड़ा कर दिया कि दो सगे भाई आपस में भीड़ गए.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले के एक थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले किशोर (बदला हुआ नाम) के छोटे भाई नीरज (बदला हुआ नाम) ने अपने पिता हरिलाल (बदला हुआ नाम) के पाले हुए मुर्गे को बिना बताए घर से उठा लिया. जैसे ही पिता हरिलाल को इस बात का पता चला, उन्होंने नीरज को रोकने की कोशिश की. लेकिन नवाखानी की खुशी के माहौल में अचानक विवाद हो गया. दोपहर 3 बजे के करीब, शराब के नशे में धुत होकर नीरज घर लौटा और अपने पिता और बड़े भाई किशोर के साथ गाली – गलौच और मारपीट करने लगा. बताया गया कि नीरज ने उन्हें और उनके पिता को भद्दी गालियां दी और जान से मारने की धमकी भी दी. इस हाथापाई में किशोर के सिर में और उनके पिता की पिंडली में चोटें आई है. हालांकि, इस झगड़े का असली जिम्मेदार वो बेचारा मुर्गा था, जो इस दौरान पूरी तरह गायब था. इस घटना के बाद गांव में यह चर्चा गर्म है कि क्या एक मुर्गे के लिए भाई – भाई का रिश्ता कुर्बान हो गया ? सूत्रों के मुताबिक घटना के बाद प्रार्थी के द्वारा इस पूरे मामले की रिपोर्ट सम्बन्धित थाने में दर्ज करा दी गई है. रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस के द्वारा आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed