जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). बस्तर पुलिस के द्वारा जिले में अवैध शराब, जुआ, सट्टा, अवैध मादक पदार्थ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पुलिस ने बीते कल शनिवार को अवैध अंग्रेजी शराब की तस्करी करते एक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.

भानपुरी टीआई चंद्रशेखर श्रीवास ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की डस्टर कार में एक युवक भारी मात्रा में संदिग्ध सामान लेकर भिलाई की ओर से भानपुरी की तरफ जा रहा है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर भानपुरी टीआई के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम को भानपुरी थाना क्षेत्र के सिवनी चौक देवड़ा के लिए रवाना किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम ने मौके पर नाकेबंदी करते हुए वहां से गुजरने वाले वाहनों की तलाशी लेना शुरू कर दिया. चेकिंग के दौरान ही पुलिस ने भिलाई की तरफ से आ रही एक सफेद रंग की डस्टर कार सीजी 10 एई 5944 को रोक लिया. रोकने के बाद पुलिस ने कार में सवार युवक से पूछताछ करते हुए उसकी कार की तलाशी ली. इस तलाशी में पुलिस ने कार में छुपाकर रखा हुआ लगभग 15 पेटी (750 नग) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया. जिसकी कीमत 75 हजार रुपये बताई गई है. इतनी भारी मात्रा में अवैध शराब मिलने के बाद पुलिस ने कार सवार युवक को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना जुर्म कबूल करते हुए पुलिस को बताया कि वह यह अवैध अंग्रेजी शराब भिलाई के कोहका से खरीदकर भानपुरी के ही किसी इलाके में डिलीवर करने के लिए पहुंचा हुआ था. जुर्म कबूल करते ही पुलिस ने आरोपी राहुल सोनी (27) निवासी पुरानी बस्ती (भिलाई) को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस ने आबकारी एक्ट की धारा 34 (2) के तहत मामला दर्ज करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया है. वहीं इस मामले में पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब समेत डस्टर कार को भी जब्त कर लिया है. ज्ञात हो कि बीते दिनों पुलिस ने नगरनार थाना क्षेत्र से भी लाखों रुपयों का अवैध अंग्रेजी शराब का जखीरा पकड़ा था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed