जगदलपुर। प्रेम सदन साहित्यिक एवं सांस्कृतिक सामाजिक संस्था के तत्वावधान में जगदलपुर स्थित प्रेम सदन में दीपावली मिलन समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बस्तर के कवियों और साहित्यकारों ने छत्तीसगढ़ी एवं हिंदी कविताओं की प्रस्तुति देकर साहित्यिक महफिल सजाई. कवियों की रचनाओं में प्रेम, समाज, संस्कृति, प्रकृति और मानवीय संवेदनाओं की झलक देखने को मिली. कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी स्वरचित कविताओं और गीतों के माध्यम से सामाजिक परिस्थितियों, रिश्तों, जीवन के अनुभवों और मानवीय भावनाओं को अभिव्यक्त किया. छत्तीसगढ़ी भाषा की मिठास और हिंदी कविताओं की भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रोताओं का मन मोह लिया.
कार्यक्रम में वरिष्ठ साहित्यकार शरद चंद्र गौड़, व्यंग्यकार शशांक श्रीधर शेंडे, कवयित्री डालेश्वरी पांडेय, चमेली नेताम, शैल दुबे, नीता पांडेय, कृष्ण शरण पटेल, शिरीष टिकरिहा, रामेश्वर चंद्रा और भोजराज साहू सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया.
इस दौरान डालेश्वरी पांडेय ने ‘हमने भी कई गीत लिखे पर मन के न भेद लिखे. ‘ पंक्तियों के माध्यम से भावनाएं व्यक्त कीं. वहीं चमेली नेताम ने छत्तीसगढ़ी रचना ‘अपन पन के दिया मा जी, रहे जिनगी तुहर जगमग…’ प्रस्तुत की. भोजराज साहू ने दीपावली की खुशियों पर गीत सुनाया, जबकि नीता पांडेय ने भगवान राम और अयोध्या की महिमा का वर्णन किया. कृष्ण शरण पटेल ने जीवन में कुछ कर गुजरने का संदेश दिया. शरद गौड़ ने देश की खुशहाली पर कविता सुनाई. शैल दुबे ने छत्तीसगढ़ महतारी की महिमा का बखान किया, वहीं शशांक श्रीधर शेंडे ने रिश्तों और मानवीय संवेदनाओं पर आधारित कविता प्रस्तुत की.
कार्यक्रम में रोहित सरोज, जितेंद्र पांडेय, अनुलता चंद्रा, रंजना सिन्हा, कंचन नाग, मीना नाग, धनेश्वर कश्यप और थमीर कश्यप का विशेष सहयोग रहा. अंत में संस्था की संस्थापिका श्रीमती प्रेम देवी नाग ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने सभी साहित्यकारों को पेन देकर सम्मानित किया. साथ ही स्वल्पाहार एवं मिष्ठान्न वितरण किया गया.
कार्यक्रम का संचालन शशांक श्रीधर शेंडे ने किया तथा डॉ. पूर्णिमा सरोज ने आभार व्यक्त किया. आयोजन प्रेम सदन साहित्यिक सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्था तथा हिंदी साहित्य भारती, जगदलपुर के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ.