जगदलपुर- बस्तर जिले के बड़ांजी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. टांडपाल के जंगल में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है. जंगल में शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान पलवा नवागांव निवासी करन के रूप में हुई है.
जानकारी के मुताबिक कुछ ग्रामीण शौच के लिए जंगल की ओर गए हुए थे. इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर फांसी के फंदे से लटके युवक के शव पर पड़ी. अचानक इस तरह शव देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना बड़ांजी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक जांच टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. जहां घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया की जा रही है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. वहीं मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है.
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.