बाफना हाउस दीपा सागर मौत मामला: जेब से मिला सुसाइड नोट, CCTV में दिखी आखिरी हलचल, आया पोस्टमार्टम रिपोर्ट……

जगदलपुर- बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर युवती दीपा सागर का शव मिलने के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है. मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए CSP अंशिका जैन IPS के नेतृत्व में पांच सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित की गई है. वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने युवती की मौत का कारण हैंगिंग (फांसी) बताया है. पुलिस के मुताबिक मृतिका के शरीर में किसी तरह की आंतरिक चोट नहीं मिली है. जबकि गले पर लिगेचर मार्क का उल्लेख किया गया है.

दरअसल 2 नवंबर को कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा दुकान की छत पर युवती का शव मिला था. मृतिका की पहचान दीपा सागर के रूप में हुई थी. परिजनों के अनुसार दीपा 1 नवंबर को रोजाना की तरह दुकान में काम करने गई थी. लेकिन शाम करीब 6 से 6:30 बजे के बाद वह दुकान से कहीं चली गई. इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला और बाद में दुकान की छत पर उसका शव बरामद हुआ

मामले की जांच के लिए गठित पांच सदस्यीय टीम में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर, साइबर प्रभारी सागर पाठक, एसआई रानी सोनी, एएसआई सतीश यादव और महिला प्रधान आरक्षक उमा भगत को शामिल किया गया है.

पुलिस और एफएसएल टीम ने परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पूरे घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई. वहीं परिजनों की शंका को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में कराया गया. जांच के दौरान पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. पुलिस के अनुसार फुटेज में दीपा अकेले छत की ओर जाती दिखाई दे रही है. फिलहाल फुटेज में कोई संदिग्ध घटनाक्रम सामने नहीं आने की बात पुलिस ने कही है.

इस मामले में एक अहम तथ्य पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया, जब मृतिका की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ. पुलिस ने इसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए जब्त कर लिया है. अब नोट की लिखावट और उसमें लिखी बातों का विधिवत परीक्षण और सत्यापन कराया जा रहा है. इसके अलावा मृतिका का मोबाइल फोन भी परिजनों से प्राप्त कर जब्त किया गया है. जिसकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिपोर्ट (CDR) का भी विश्लेषण किया जा रहा है.

फिलहाल पुलिस दुकान और बिल्डिंग में काम करने वाले कर्मचारियों सहित अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles