जगदलपुर- होटल में रखी चटख रंगों वाली चिकन बिरयानी और चिकन करी देखकर अगर आपके मुंह में भी पानी आ जाता है, तो थोड़ा संभल जाइए. क्योंकि खाने को आकर्षक बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला जरूरत से ज्यादा फूड कलर आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. बस्तर में खाद्य विभाग ने इसी खतरे को देखते हुए होटलों और ढाबों पर निगरानी बढ़ा दी है.
दरअसल खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने प्रदेशभर में ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ नाम से 15 दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया है. अभियान के पहले ही दिन जगदलपुर में खाद्य विभाग की टीम एक्शन मोड में नजर आई. टीम ने शहर के होटल, ढाबों और कैटरिंग प्रतिष्ठानों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की. इस दौरान तीन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया. जांच में एक प्रतिष्ठान में चिकन बिरयानी और चिकन करी में निर्धारित मात्रा से अधिक खाद्य रंग का इस्तेमाल पाए जाने पर विभाग ने कार्रवाई की. मौके पर करीब 3 किलो चिकन बिरयानी और 2 किलो चिकन काडी, यानी कुल 5 किलो खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई.

खाद्य अधिकारी पूनम कांडे के मुताबिक इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाले रंग और अन्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच करना है. खासकर होटल, ढाबों और कैटरिंग संचालकों को खाद्य रंग का इस्तेमाल निर्धारित सीमा में करने के निर्देश दिए जा रहे हैं. खाद्य विभाग की यह कार्रवाई उन लोगों के लिए भी एक चेतावनी है, जो खाने को ज्यादा आकर्षक बनाने के लिए उसमें जरूरत से ज्यादा रंग मिलाते हैं. विभाग ने साफ किया है कि यह अभियान महज एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि अगले 15 दिनों तक लगातार निरीक्षण और जांच की जाएगी.