जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). नेशनल पार्क ईलाके में बीते कल रविवार को जवानों और नक्सलियों के बीच हुए मुठभेड़ में जवानों ने दो महिला नक्सली समेत पांच नक्सलियों को मार गिराया था. मारे गए सभी 5 नक्सलियों की शिनाख्ती हो गई है. मुठभेड़ में मारे गए नक्सली 15 लाख रुपये के ईनामी थे. इस मामले की पुष्टि बीजापुर एसपी डॉ. जितेंद्र कुमार यादव ने की है.

ज्ञात हो कि, सुरक्षाबल को नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के नेशनल पार्क ईलाके के बन्देपारा और कोरणजेड के जंगल में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. सूचना मिलने के बाद जवानों की एक टीम को मौके पर के लिए रवाना किया गया था. रविवार की सुबह करीबन 8 बजे जवानों की टीम जैसे ही बन्देपारा और कोरणजेड के जंगलों में पहुंची तभी पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया. हमला होते देख जवानों ने भी जवाबी कार्यवाही की. जवानों और नक्सलियों के बीच रुक रुक कर घण्टों मुठभेड़ चलती रही. बताया गया कि जवानों और नक्सलियों के बीच सुबह 8 बजे से शाम के 3 – 4 बजे तक मुठभेड़ चलती रही. इस जवाबी कार्यवाही में जवानों ने दो महिला नक्सली समेत 5 नक्सलियों को मार गिराया. जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से फरार हो गए. इसके बाद जवानों ने घटनास्थल में सर्च ऑपरेशन चलाया. इस सर्च ऑपरेशन में जवानों ने घटनास्थल से 2 महिला नक्सली समेत 5 नक्सलियों का शव बरामद किया. एसपी ने बताया कि मारे गए सभी 5 नक्सली हार्डकोर नक्सली थे. मारे गए नक्सलियों की शिनाख्ती 8 लाख रुपये ईनामी रैनु हेमला (डिवीसीएम, प्लाटून नम्बर 2 कमांडर) (30) निवासी गंगालूर, 5 लाख रुपये ईनामी ज्योति ताती (मद्देड़ एरिया कमिटी, प्लाटून नम्बर 11 पीपीसीएम) निवासी गंगालूर, 1 लाख रुपये ईनामी रमेश एचाम (28) (नेशनल पार्क एरिया कमिटी मिलिशिया प्लाटून कमांडर) निवासी बन्देपारा, 20 हजार रुपये ईनामी रमेश मिच्चा (22) (नेशनल पार्क एरिया कमिटी मिलिशिया प्लाटून सदस्य) निवासी बन्देपारा के रूप में हुई है. वहीं इस मुठभेड़ में जवानों ने एक और वर्दीधारी महिला नक्सली को मार गिराया है. जिसकी शिनाख्ती अभी नही हो पाई है. एसपी ने बताया कि नक्सलियों के शव के साथ ही जवानों ने घटनास्थल से नक्सलियों का 1 एसएलआर बंदूक, 3 मैगज़ीन (52 राउंड), एक 12 बोर बंदूक (14 राउंड), 1 बीजीएल लांचर (8 सेल), एक 315 रायफल (15 राउंड), एक 22 रायफल, 1 भरमार बंदूक, भारी मात्रा में विस्फोटक सामान, नक्सली साहित्य और अन्य दैनिक उपयोगी सामान बरामद किया है.

इस मौके पर बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने कहा है कि वर्ष 2024 में एंटी नक्सल ऑपेरशन में प्राप्त बढ़त को आगे बरकरार रखते हुए वर्ष 2025 में भी बस्तर संभाग के अंतर्गत सुरक्षाबलों द्वारा प्रभावी रूप से प्रतिबंधित और गैर कानूनी सीपीआई माओवादी संगठन के विरुद्ध नक्सल विरोधी अभियान संचालित किए जाने के परिणाम स्वरूप विगत दिनों में कुल 13 हार्डकोर माओवादियों के शव बरामद किए गए. माओवादियों के तमाम साजिश एवं कायराना हरकतों के बावजूद भी सुरक्षाबल सदस्यों द्वारा मजबूत मनोबल एवं स्पष्ट लक्ष्य के साथ बस्तर क्षेत्र की शांति, सुरक्षा और विकास के लिए समर्पित होकर कार्य किया जा रहा है.