जगदलपुर (गनपत भारद्वाज). लाखों रुपयों का दांव लगाकर अंधेरे घने जंगल में जुआ खेल रहे 4 जुआरियों को पुलिस ने बीती रात रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके पर से लाखों रुपये नगद के साथ तीन कार, तीन बाइक और अन्य सामान भी जप्त किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से बड़ांजी पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम छापर भानपुरी के जंगल में कुछ लोग रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे है. सूचना मिलते ही बस्तर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देश पर बड़ांजी टीआई के नेतृत्व में पुलिस की अलग – अलग टीम तैयार किया गया. इसके बाद पुलिस की टीम तत्काल ही मुखबिर द्वारा बताए गए जगह के लिए रवाना हो गई. मौके पर पहुंचते ही पुलिस ने घेराबंदी करते हुए 4 जुआरियों संजय मंडल निवासी आड़ावाल, लच्छन पटेल निवासी ग्राम चित्रकोट, महेश सूर्यवंशी निवासी बस्तर और लक्की कश्यप निवासी घाट धनोरा को धर दबोचा. इस दौरान अन्य जुआरी भागने में कामयाब हो गए. इसके बाद पुलिस ने मौके पर से 2 लाख रुपये से अधिक नगद, ताश के 52 पत्ते, 3 मोबाइल फोन, 1 टाटा हैरियर, 1 टाटा नेक्सन, 1 स्विफ्ट डिजायर कार, 3 बाइक जप्त किया है. फिलहाल पुलिस के द्वारा सभी जुआरियों के खिलाफ छग जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3 (2) के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है.