जगदलपुर (नवीन कश्यप). जादू – टोने के शक में आज रविवार को एक गांव के ग्रामीणों ने मिलकर एक ही परिवार के 3 महिलाओं समेत पांच लोगों की हत्या कर दी है. इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही सुकमा एसपी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुकमा जिले के कोंटा थाना क्षेत्र के ग्राम एतकल के ग्रामीणों ने जादू – टोने के शक में एक ही परिवार के पांच सदस्यों मौसम कन्ना (60), मौसम बुच्चा (34), मौसम बिरी, करका लच्छी (43) और मौसम अरजो (32) को लाठी और डंडे से पीट पीटकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी है. घटना की सूचना मिलने के बाद कोंटा पुलिस मौके पर पहुंच गई. इसके बाद पुलिस ने पतासाजी करते हुए इस मामले में शामिल सभी 5 हत्यारों सवलम राजेश (21), सवलम, कारम सत्यम (35), कुंजाम मुकेश (28) और पोड़ियामि एंका सभी निवासी ग्राम एतकल को गिरफ्तार कर लिया है. इतनी बड़ी घटना की सूचना मिलने के बाद सुकमा एसपी भी अपने दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए है. फिलहाल पुलिस इस मामले में आवश्यक कार्यवाही करने में जुटी हुई है.