जगदलपुर (अमन दास मानिकपुरी). शहर में बीते कल रविवार की रात शराब के नशे में धुत्त कुछ असामाजिक तत्वों ने एक शिक्षक की परिवार के सामने ही बेवजह पिटाई कर दी है. घटना के बाद पीड़ित शिक्षक ने आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घोटिया निवासी एक शिक्षक अपने परिवार के साथ बीते कल शाम करीबन 5 बजे अपनी ब्रेजा कार सीजी 17 केआर 5765 में सवार होकर अपने भांजे के घर आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने धरमपुरा नम्बर 3 आये हुए थे. कार्यक्रम में रात का भोजन करने के बाद शिक्षक अपने परिवार के साथ वापस घोटिया जाने के लिए निकल गए. इसी दौरान धरमपुरा में पल्ली नाका के नजदीक स्थित रोशन ढाबा के पास शिक्षक की कार को एक नेक्सा कार सीजी 17 केएक्स 5184 ने ओवरटेक करते हुए रोक लिया. इसके बाद नेक्सा कार से शराब के नशे में धुत्त 3 – 4 युवक बाहर निकले. यह सभी युवक अचानक शिक्षक की कार में चढ़कर नाचने लगे. शिक्षक जब इन युवकों को कार से नीचे उतरने को कहा तो युवकों ने अश्लील गालियां देते हुए शिक्षक की पिटाई कर दी. पिटाई करने के साथ ही युवकों ने शिक्षक के राइट साइड दरवाजे का कांच और आईना भी तोड़ दिया. पिटाई की वजह से शिक्षक के गाल में चोट लगी है. इसी दौरान कार के पीछे आ रहे शिक्षक के अन्य परिजनों ने बीच बचाव किया. भरी सड़क में हंगामा करने के बाद सभी युवक वहां से फरार हो गए. इस घटना से आहत होकर पीड़ित शिक्षक ने आरोपी युवकों के खिलाफ परपा थाने में मामला दर्ज कराया है. वहीं इस मामले में परपा टीआई ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी युवकों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है.