जगदलपुर. अबूझमाड़ के दक्षिणी ईलाके में आज तड़के सुबह सुरक्षाबल के जवानों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में जवानों को एक बार फिर से बड़ी सफलता मिली है. जवानों ने इस मुठभेड़ में 7 नक्सलियों को मार गिराया है.

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुरक्षाबल को अबूझमाड़ के दक्षिणी ईलाके में नक्सलियों के बड़े लीडरों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. जिसके बाद बीते 10 दिसंबर को नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिले की डीआरजी टीम के साथ एसटीएफ और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम को मौके पर सर्चिंग के लिए रवाना किया गया था. वहीं आज 12 दिसंबर गुरुवार की तड़के सुबह करीबन 3 बजे जैसे ही जवान मौके पर पहुंचे. तभी पहले से घात लगाए बैठे नक्सलियों ने जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया. हमला होते देख जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया. मोर्चा संभालते ही जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की. बताया जा रहा है कि जवानों और नक्सलियों के बीच अभी भी रुक रुककर फायरिंग जारी है. पुलिस के मुताबिक इस मुठभेड़ में जवानों ने 7 वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया है. इसके साथ ही जवानों ने मौके पर से मारे गए सभी 7 नक्सलियों के शवों को बरामद कर लिया है. इस मुठभेड़ में कई और नक्सलियों और बड़े लीडरों की मारे जाने की आशंका पुलिस ने जताई है. फिलहाल पुलिस की ओर से जारी बयान के अनुसार घटनास्थल में अभी भी जवानों के द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, इस पूरे मामले का खुलासा जवानों की टीम के वापस आने के बाद हो सकेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed