जगदलपुर. बस्तर जिले में प्रशासनिक कसावट लाने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस महकमे में एक बड़ा फेरबदल किया गया है. बस्तर जिला पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने इस संबंध में एक आधिकारिक आदेश जारी किया है. जारी आदेश के तहत जिले में पदस्थ चार निरीक्षकों को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से स्थानांतरित करते हुए उनकी नवीन पदस्थापना तय की गई है. पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा यह तबादला सूची जारी की गई है.
इस नए आदेश के तहत चौकी पखनार के प्रभारी निरीक्षक राजेश राठौर को अब थाना बड़ाजी का नया थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं दूसरी ओर, रक्षित केंद्र जगदलपुर में अपनी सेवाएं दे रहे तीन निरीक्षकों को भी मैदानी स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. रक्षित केंद्र जगदलपुर से निरीक्षक विजय पटेल को थाना कोड़ेनार का थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है. इसके साथ ही रक्षित केंद्र में पदस्थ निरीक्षक सुरेंद्र पामभोई को थाना दरभा के थाना प्रभारी की कमान सौंपी गई है. इसी कड़ी में रक्षित केंद्र जगदलपुर के ही एक अन्य निरीक्षक संजय उरसा को स्थानांतरित कर थाना मारडूम का नया थाना प्रभारी बनाया गया है.