भोपालपट्टनम (बीजापुर)। बीजापुर जिले के भोपालपटनम ब्लॉक में पदस्थ खंड चिकित्सा अधिकारी के तानाशाही रवैया से परेशान होकर विभाग के कर्मचारी अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध लामबंद होते हुए उच्च अधिकारी सीएमएचओ को शिकायत पत्र सौंपने के बावजूद कार्यवाही नहीं होता देख अब समस्त कर्मचारी संघ उग्र आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।
कर्मचारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि भोपालपटनम में खंड चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदस्थ अजय रामटेके अपने ही विभाग के कर्मचारियों से वेतन निकालने के लिए घूस की मांग कर रहा था। इसके अलावा अजय रामटेके मैदानी क्षेत्र में कार्य करने वाले कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। इसके अलावा मातृत्व अवकाश में रहे महिला स्वास्थ्य कर्मी ने जब अपना रुका हुआ वेतन आहरण करने के संबंध में बीएमओ से बातचीत की तो उनके द्वारा 70 हजार रुपये की मांग की गई। जिसके बाद महिला स्वास्थ्य कर्मी को खंड चिकित्सा अधिकारी ने सर्विस बुक खराब करने की धमकी भी दी। ऐसे ही ब्लॉक के लगभग सभी अधिकारी कर्मचारियों के साथ बीएमओ का दबंगई रवैया देखने को मिला। इन सभी शिकायतों को लेकर कर्मचारी संघ ने अपने उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी लेकिन जिले के उच्च अधिकारियों ने उनकी शिकायत को दरकिनार कर दिया जिसकी वजह से अब ब्लाक के कर्मचारी एकजुट होकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।