जगदलपुर. अज्ञात हमलावरों ने बीती रात एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उसके ही बेटे के सामने ही बेरहमी से हत्या कर दी है. घटना को अंजाम देने के बाद सभी अज्ञात हमलावर मौके से फरार हो गए है.
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम तिम्मापुर में बीती रात करीबन 8 बजे अज्ञात लोगों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी पद्दम की धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी है. इस दौरान अपनी मां को बचाने पहुंचे बेटे के साथ हमलावरों की हाथापाई भी हुई है. सूत्रों की माने तो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी पद्दम को इससे पहले भी दो बार जान से मारने की धमकी अज्ञात लोगों द्वारा दी गई थी. नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने की वजह से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की हत्या नक्सलियों द्वारा किये जाने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल इस मामले को लेकर अभी तक किसी भी तरह की कोई आधिकारिक पुष्टि नही हुई है.