जगदलपुर (डेस्क) – भारतीय जनता पार्टी ने आसन्न नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिये “हम,जीतेंगे ” का नारा दिया है. आज रविवार को भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय एक दिवसीय बस्तर प्रवास पर पहुँचे. भाजपा संगठन के दोनों नेताओं ने स्थानीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार टाऊन हाल में नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा की संभाग स्तरीय बैठक ली. जिसमें बस्तर संभाग के सभी सात जिलों के पदाधिकारी, विधायक, सांसद, पूर्व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.

करीब दो घंटे चली बैठक में भाजपा संगठन के आला नेताओं ने नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव को जीतने का मंत्र दिया. ” हम, जीतेंगे ” इस नारे के साथ शहरी व ग्रामीण दोनों चुनाव में भाजपा की विजय सुनिश्चित करने कहा गया. जीतने वाले व योग्य प्रत्याशियों का चयन करते हुये बूथ स्तर के प्रत्येक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने बोला गया है. दोनों चुनाव को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुये सौ फीसदी जीत का लक्ष्य लेकर भाजपा के कार्यकर्ता प्राणप्रण से चुनावी समर में संपूर्ण ताकत झोकेंगे.

भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने बैठक के पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण संभाग से आये भाजपा पदाधिकारियों के साथ सुना. जिसके लिये सभागार में बड़ी एलईडी स्क्रीन व्यवस्था की गयी थी. बैठक उपरांत श्री जामवाल व श्री साय करीब दोपहर एक बजे विमान से रायपुर रवाना हो गये.
संभाग स्तरीय बैठक का संचालन बस्तर संभाग सह प्रभारी निरंजन सिन्हा व आभार प्रदर्शन नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डेय ने किया. बैठक में प्रमुख रूप से भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लता उसेण्डी, बस्तर संभाग प्रभारी रजनीश सिंह, सांसद महेश कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, विधायक विक्रम उसेण्डी, नीलकंठ टीकाम, चैतराम अट्टामी, विनायक गोयल, आसाराम, राजा पाण्डेय, डॉ. सुभाऊ कश्यप, श्रीनिवास राव मद्दी, जी. वेंकट, विद्याशरण तिवारी, रुप सिंह मण्डावी, लच्छूराम कश्यप, जिपं अध्यक्ष वेदवती कश्यप, मनीराम कश्यप, महेश जैन, सेवक राम नेताम, धनीराम बारसे, संतोष गुप्ता, भरत कटियार, योगेन्द्र पाण्डेय संजय पाण्डेय, प्रकाश झा, सुरेश गुप्ता, सफीरा साहू, सुधा मिश्रा, अविनाश श्रीवास्तव आदि सहित संभाग के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.