जगदलपुर (गणपत भारद्वाज). जिले में गुंडे और बदमाशों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. बीते दिनों भी शहर में गुंडागर्दी करने वाले चार गुंडों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
एएसपी महेश्वर नाग ने बताया कि बीते सोमवार को भागीरथी बिसोई अपने छोटे भाई को अपने घर से ट्यूशन छोड़ने के लिए अपनी साईकल से धरमपुरा की ओर जा रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक कार सीजी 18 जे 0555 के चालक ने भागीरथी को लापरवाही बरते हुए कट मार दिया. कट मारने के बाद कार अचानक रुक गई. कार रुकने के बाद कार से चार युवक लोहे का धारदार हथियार लेकर बाहर निकले. कार में सवार एक युवक ने भागीरथी को धारदार हथियार दिखाकर उसके साथ जबरन मारपीट करने लगा. मारपीट के दौरान ही कार सवार युवक ने भागीरथी का मोबाइल भी पटककर फोड़ दिया. घटना से आहत होकर पीड़ित ने बीते कल शुक्रवार को इस मामले को लेकर बोधघाट थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया. रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुट गई. पतासाजी के दौरान पुलिस ने चार आरोपी चिरंजीव सोनी (22), सौरभ सोनी (20), मयंक सोनी (22) और प्रकाश जोशी (26) सभी निवासी हिकमीपारा को पकड़ लिया. कड़ी पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लोहे का धारदार हथियार भी बरामद किया है. पुलिस ने भादवि की धारा 294, 323, 506, 427, 34 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया है.