नवीन कश्यप, सुकमा- जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र में विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के दौरान बड़ा हादसा हो गया. एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास विस्फोटकों को नष्ट करने की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान अचानक एक विस्फोटक का अंश उछलकर पास में जा गिरा और ब्लास्ट हो गया. हादसे में CRPF के चार अधिकारी और जवान घायल हुए हैं. घायलों में ATT टीम के ASI एम.के. तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान को गंभीर चोटें आई हैं. वहीं ATT टीम के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें लगी हैं.
जानकारी के मुताबिक CRPF कोन्टा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में रखे अनसर्विसिबल एवं शेष बचे विस्फोटकों के सुरक्षित विनष्टीकरण के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) एलार्मडगु पहुंची थी. टीम सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों के विनष्टीकरण की कार्रवाई कर रही थी. इसी दौरान यह आकस्मिक घटना हुई. घटना के तुरंत बाद मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और सभी चार घायलों को शासकीय अस्पताल कोन्टा ले जाया गया. जहां उनका उपचार जारी है. गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए आवश्यकता पड़ने पर उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर करने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल घटना के बाद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. संबंधित अधिकारियों द्वारा हादसे की परिस्थितियों और कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है.
