जगदलपुर- बस्तर फाइटर के निकली भर्ती संख्या में बढ़ोतरी के लिए बस्तर में युवाओं का आंदोलन लगातार जारी है. कलेक्ट्रेट कार्यालय घेराव, आमागुड़ा में प्रदर्शन करने के बाद आज भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के कार्यालय का युवाओं ने घेराव किया. कार्यालय के सामने मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को रोका. हालांकि युवा सड़क पर ही बैठकर अपनी आवाज बुलंद करते नजर आए. दरअसल बस्तर जिले में बेरोजगार युवाओं की पंजीयन संख्या रोजगार कार्यालय में 44000 है. लेकिन बस्तर फाइटर के लिए निकली भर्ती की संख्या 79 है. जो कि अन्य जिलों के मुकाबले काफी कम है. जिसके विरोध में लगातार युवाओं का प्रदर्शन जारी है.
बस्तर राजमोर्चा के युवा जिला अध्यक्ष विजय कश्यप का कहना है कि प्रदर्शन कर रहे सभी युवा बस्तर जिले से हैं. बस्तर फाइटर्स के लिए निकली भर्ती संख्या को बढ़ाने की मांग बस्तर के युवा कर रहे हैं. वर्तमान में 40 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने की मांग है. मांगो को लेकर करीब 4-5 दफा एसडीएम से लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंप चुके हैं. लेकिन मांगे पूरी नहीं हो रही है. जिससे नाराज होकर आज जगदलपुर विधायक व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के कार्यालय का घेराव किया जा रहा है. लेकिन विधायक युवाओ से मिलने के लिए नहीं आ रहे हैं. यह बताया जा रहा है कि विधायक अपने क्षेत्र से बाहर हैं. लेकिन विधायक को किसी भी माध्यम से प्रदर्शन कर रहे युवाओं से बातचीत करनी चाहिए थी. लेकिन कोई सकारात्मक परिणाम देखने को नहीं मिल रहा है. युवाओं ने चेतावनी दी है कि आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान वोट के लिए गांव गांव घूमने वाले विधायकों को गाँवो में घुसने नहीं दिया जाएगा. वह इसीलिए की जब वोटिंग का समय होता है तब मतदाता अपने सभी कामों को छोड़कर लाइन में लगकर वोट डालते हैं. और चुनाव के बाद अपनी समस्या के लिए लड़ाई लड़ते हैं. लेकिन ना कोई विधायक उनकी समस्या को सुनता है और ना ही कोई सांसद समस्या पर ध्यान देता है. प्रदर्शन के दौरान सड़क पर लाइन से कड़ी धूप में बैठे हैं. लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है.
