जगदलपुर- बस्तर में किसानों के नाम पर लैम्प्स में कथित गड़बड़ियों का मामला अब बड़ा प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है. बस्तर ब्लॉक के कचनार लैम्प्स की पूर्व प्रभारी समिति प्रबंधक ललिता राव को आखिरकार निलंबित कर दिया गया है. खास बात यह है कि किसानों की शिकायतों और लैम्प्स में कथित अनियमितताओं को लेकर बस्तर फाइल्स ने पहले ही इस मामले को प्रमुखता से उठाया था. अब 16 नवंबर 2026 को जारी निलंबन आदेश के बाद इस मामले में एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है.
दरअसल कचनार लैम्प्स में किसानों को खाद वितरण और उनके बैंक खातों में कथित ऋण प्रविष्टियों को लेकर सवाल खड़े हुए थे. किसानों ने आरोप लगाया था कि उन्हें खाद उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई, लेकिन उनके खातों में खाद के नाम पर ऋण की एंट्री सामने आई. कुछ किसानों ने फर्जी हस्ताक्षर के जरिए खाद उठाव दिखाए जाने के आरोप भी लगाए थे. इस पूरे मामले को लेकर किसानों में नाराजगी थी और शिकायतें भी सामने आई थीं.
इधर लैम्प्स कचनार कार्यालय से जारी निलंबन आदेश में छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी सेवा नियम 2018 का हवाला दिया गया है. आदेश के मुताबिक ललिता राव पर प्रबंधकीय कर्तव्य सूची में दर्शाए गए दायित्वों का समुचित ढंग से पालन नहीं करने, लापरवाही बरतने, बिना पूर्व सूचना कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने और कार्य में असावधानी बरतने के आरोप हैं. आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनकी कार्यप्रणाली के कारण समिति द्वारा दी जा रही सुविधाओं से किसानों को वंचित रहना पड़ा और किसानों के साथ व्यवहार कुशलता में कमी की स्थिति भी सामने आई. इन कारणों का हवाला देते हुए समिति के प्राधिकृत अधिकारी ने 16 नवंबर 2026 से ललिता राव को निलंबित करने का आदेश जारी किया है. आदेश की प्रतिलिपि सहकारिता विभाग के उप आयुक्त एवं उप पंजीयक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और बकावंड शाखा प्रबंधक को भी भेजी गई है.
फिलहाल इस कार्रवाई के बाद किसानों को उम्मीद है कि लैम्प्स में खाद वितरण और ऋण से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच होगी और जिन किसानों के खातों में कथित गड़बड़ियां हुई हैं, उन्हें न्याय मिलेगा.