दरभा के छोटे कड़मा में आबकारी विभाग का छापा, 21 लाख की शराब और वाहन जब्त……

जगदलपुर- बस्तर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश किया है. दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में परिवहन के दौरान मध्यप्रदेश प्रांत की गोवा ब्रांड विदेशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है. कार्रवाई में कुल 140 पेटी और 10 नग शराब जब्त की गई है. जिसकी कुल मात्रा 1261.8 बल्क लीटर बताई गई है. हैरानी की बात यह है कि इस मामले में दो नाबालिक बालकों के साथ एक 18 वर्षीय युवक भी शामिल पाया गया है. जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है. आबकारी विभाग की टीम ने मौके से कुल 7010 नग गोवा ब्रांड विदेशी मदिरा जब्त की है. जब्त शराब की कीमत 9 लाख 46 हजार 350 रुपये आंकी गई है. शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं. इनमें अशोक लीलैंड पिकअप, इक्को वाहन और पैशन प्रो बाइक शामिल हैं.

कार्रवाई के दौरान जब्त शराब और वाहनों सहित कुल संपत्ति का मूल्य 20 लाख 96 हजार रुपये आंका गया है. मामले में सुनील सेठिया निवासी राजुर थाना परपा को फरार बताया गया है. वहीं प्रवीण बघेल निवासी चितापुर थाना दरभा सहित नाबालिक बालकों के नाम भी सामने आए हैं. आबकारी विभाग ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत प्रकरण कायम किया है.

बस्तर के रास्ते मध्यप्रदेश की शराब की इतनी बड़ी खेप का पकड़ा जाना अवैध शराब के कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े करता है. अब जांच में यह पता लगाना अहम होगा कि शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे बस्तर में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

BastarFiles